तीन ग्राम पंचायतों में GPDP को लेकर जागरूकता बैठक आयोजित
उत्तर प्रदेश फोर्सेस के सहयोग से ग्रामीण विकास सेवा समिति, बस्ती द्वारा जनपद की तीन ग्राम पंचायतों में ग्राम पंचायत विकास योजना (GPDP) को लेकर सघन जागरूकता अभियान के अंतर्गत सामुदायिक बैठकों का आयोजन किया गया। बैठकों में ग्राम प्रधानों, विभागीय पदाधिकारियों एवं ग्रामीणों की सक्रिय सहभागिता रही।
कार्यक्रम के दौरान ग्राम सभा की भूमिका एवं पंचायती राज व्यवस्था में उसके महत्व पर विस्तार से चर्चा की गई। ग्रामीणों ने प्राथमिक विद्यालयों की अव्यवस्था, स्वच्छता, स्वास्थ्य सेवाएं, शौचालय निर्माण तथा बच्चों के पोषण से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। महिला ग्रामीणों ने विद्यालय व्यवस्था में सुधार की आवश्यकता पर बल दिया।
बैठक में बताया गया कि ग्राम पंचायत विकास योजना एक संवैधानिक व्यवस्था के अंतर्गत संचालित योजना है, जिसके माध्यम से ग्राम सभा की सिफारिशों के आधार पर शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल कल्याण, सड़क एवं अन्य विकास कार्यों को गति दी जाती है। संस्था पदाधिकारियों ने कहा कि जनभागीदारी के माध्यम से ही ग्राम पंचायतों को सशक्त एवं स्वावलंबी बनाया जा सकता है।
